बेगूसराय में गर्भवती महिला की हत्या, गैस सिलेंडर को लेकर विवाद बना कारण

 

बेगूसराय जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति पर अपनी 8 महीने की गर्भवती पत्नी की हत्या करने का आरोप लगा है। मृतका की पहचान लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, घर में गैस खत्म होने के कारण लक्ष्मी पिछले 10 दिनों से चूल्हे पर खाना बना रही थी, जिससे उसे काफी परेशानी हो रही थी। इसी को लेकर उसने अपने पति से गैस सिलेंडर भरवाने की बात कही। बताया जाता है कि मृतका के पिता ने आरोपी दामाद को ₹1000 गैस भरवाने के लिए दिए थे, लेकिन उसने वह पैसे जुए में खर्च कर दिए।

आरोप है कि जब लक्ष्मी ने दोबारा गैस भरवाने को कहा, तो गुस्से में आकर पति ने ईंट से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है।

घटना के बाद आरोपी पत्नी को अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, मृतका के परिजनों का आरोप है कि आरोपी जानबूझकर रास्ते में समय बिताता रहा ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके।

लक्ष्मी कुमारी की शादी करीब 5 साल पहले राज चौधरी से हुई थी। परिजनों का यह भी कहना है कि आरोपी पहले से ही उसे प्रताड़ित करता था।

वहीं, आरोपी पति ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि घर में बिजली नहीं थी और वह घर पहुंचा तो पत्नी सीढ़ी के पास गिरी हुई मिली। उसने किसी प्रकार की मारपीट से इनकार किया है और सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आने की बात कही है।

घटना की सूचना मिलते ही वीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ